सुकमा ब्रेकिंग: IED ब्लास्ट में 5 जवानों के घायल होने की खबर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
के. शंकर @ सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहाँ सुरक्षा बल के 5 जवानों के घायल होने की खबर है। बताया गया है कि सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट में जवान घायल हुए है। घटना की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सुरक्षाबलों की संयुक्त पार्टी ताड़मेटला इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्चिंग आपरेशन पर निकली थी। देर रात करीब 10 बजे वापसी के दौरान आईईडी की चपेट में आने से 5 जवानों के घायल होने की सूचना है।
बताया जाता है कि घायल सभी जवान कोबरा 206 बटालियन के हैं। खबर लिखे जाने तक घायल जवानों को रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है। रेस्क्यू के लिए वायु सेना के हेलीकाप्टर को रवाना किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर बुरकापाल, तेमलवाड़ा और चिंतागुफा से ज्वाईंट आपरेशन चलाया गया। देर शाम को ताड़मेटला के जंगल में गश्त करते हुए जवान आगे बढ़ रहे थे कि इस दौरान जवान स्पाइक होल व आईईडी की चपेट में आ गये।