नक्सल क्षेत्र की 4 छात्राएं लापता, अधीक्षिका को नोटिस जारी… कन्या आश्रम की 4 नाबालिग छात्राएं गायब, मचा हड़कंप !
नारायणपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां बालिका आश्रम में रहकर पढ़ रहीं 4 नाबालिग छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि ये बच्चियां पिछले करीब सप्ताह भर से लापता है। बालिकाएं कहां गईं हैं इसकी जानकारी न तो इनके परिजनों को है, और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी को इसके बारे में कुछ पता है।
नारायणपुर के ओरछा थाना क्षेत्र की यह पूरी घटना है। जानकारी के मुताबिक, ओरछा में संचालित आदर्श कन्या आश्रम शाला की 3 और एकलव्य आश्रम ओरछा की 1 छात्रा पिछले एक सप्ताह से गायब है।
बताया जा रहा है कि उक्त सभी छात्राएं पिछले रविवार को आश्रम से कहीं चली गईं, जिसके बाद दोबारा वे वापस नही लौटी। सभी छात्राए नाबालिग हैं। घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
Read More :-
शिक्षक निलंबित: DEO ने शिक्षक को किया सस्पेंड… शराब पीकर स्कूल आते थे गुरूजी, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
— Khabar Bastar (@khabarbastar) November 20, 2022
खबर है कि छात्राओं के परिजनों को क्षेत्र के ग्रामीणों के माध्यम से बच्चियों के गायब होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद परिजनों ने आश्रम अधीक्षिका पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान कक्षा आठवीं में पढ़ती है। मुस्कान के अलावा उसके साथ रहने वाली सहेली ज्योति और प्रिया भी आश्रम से गायब हैं। वहीं कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली छात्रा पूजा भी लापता है।
परिजनों ने बताया कि आश्रम से जाने के बाद कोई भी छात्रा अपने घर नहीं लौटी हैं। इस संबंध में ओरछा थाना में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आश्रम के सभी बच्चों व अधीक्षिका समेत जिम्मेदारों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक लापता छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
अधीक्षिका को नोटिस जारी
आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त संजय चंदेल के बताया कि अधीक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बच्चियों की तलाश की जा रही है।
इधर, आश्रम की छात्राओं के रहस्यमय ढंग से लापता होने को लेकर तरह-तरह की आशंकाए व्यक्त की जा रही हैं। नक्सल क्षेत्र होने के चलते बच्चियों की कुशलता को लेकर परिजन भी खासे चिंतित हैं।