अब हर 15 मिनट में पता चलेगा मौसम का हाल, KVK में लगा ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन
पंकज दाउद @ बीजापुर। कृषि विज्ञान केन्द्र में भारत मौसम विभाग की ओर से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन की स्थापना की जा रही है। इससे हर 15 मिनट में मौसम के हाल का पता चल सकेगा और इससे मिले डैटा से फोरकास्टिंग की जा सकेगी।
केवीके के मौसम विज्ञानी भीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शनिवार को यहां ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) की स्थापना का काम शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि इससे भूमि के तापमान, आपेक्षिक आर्द्रता, सूर्य की किरण पड़ने की अवधि, तापमान, हवा की गति एवं दिषा के आंकड़े खुद ब खुद ई मेल पर दर्ज हो जाएंगे।
इसके लिए मैन्यूअल डैटा संग्रह करना नहीं पड़ेगा। इससे ये फायदा भी होगा कि आने वाले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान को भी घोषित किया जा सकेगा और डैटा हमेशा स्टोर रहेगा।
Read More:
‘बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे…’ गाकर इंटरनेट सनसनी बना सुकमा का सहदेव, बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने किया Video कॉल, मिलने बुलाया https://t.co/7zrsQp0DAX
— Khabar Bastar (@khabarbastar) July 24, 2021
सारे आंकड़े अपने आप भारत मौसम विभाग तक पहुंच जाएंगे। ग्रामीण मौसम सेवा परियोजना के तहत ये स्टेशन एडवांस तकनीक पर आधारित है।
मौसम विज्ञानी भीरेन्द्र कुमार ने बताया कि इसके जरिए खेती, उद्यानिकी एवं पशुपालन के समसामयिक सुझाव दिए जाएंगे और इसके अनुसार खेती और उद्यानिकी का प्रबंधन कर किसान मौसम से होने वाले नुकसान से बच जाएंगे।
जिले की वास्तविक भौगोलिक जलवायु की स्थिति का पता लगाने में भी इससे मदद मिलेगी। फसलों की बुवाई से लेकर कटाई तक की सटीक जानकारी इससे मिल सकेगी।
व्हाॅट्सएप से भी जुड़े हैं किसान
भीरेन्द्र कुमार ने बताया कि व्हाॅट्सएप से जिले में 476 किसान जुड़े हैं। इसके जरिए जब वे फीड बैक मांगते हैं तो वैज्ञानिक उन्हें समसामयिक सलाह इसी पर दे देते हैं। इसके अलावा हजारों किसान एप किसान मोबाइल संदेश से जुड़े हैं। इसके माध्यम से किसानों को मौसम की जानकारी मिल जाती है।