पूर्व मंत्री केदार कश्यप समेत कई BJP नेता गिरफ्तार… भाजपा ने कराया था जगदलपुर बंद, जानिए क्या है मामला
जगदलपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में मंगलवार को पूर्व मंत्री व भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप समेत कई प्रमुख भाजपा नेताओं व दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, जगदलपुर नगर निगम के संजय गांधी वार्ड के 40 परिवारों से कांग्रेसी महिला पार्षद कोमल सेना द्वारा पीएम आवास योजना के नाम पर प्रत्येक परिवार से 25 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। इस मामले पर आरोपी कांग्रेसी महिला पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर भाजपा ने मंगलवार को नगरबंद का आह्वाहन किया था।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बंद को सफल बनाने मंगलवार सुबह से ही दुकानों को बंद करवाने की कोशिश की गई। उसी दौरान पुलिस ने पूर्व मंत्री व भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, पूर्व विधायक बैदू राम कश्यप समेत लगभग 70 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल केदार कश्यप को नगरनार थाने में पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
भाजपा ने इस बंद से पहले बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स से समर्थन मांगा था, लेकिन चैंबर के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि यह राजनीतिक बंद है। इससे व्यापारियों व जनता का कोई हित नहीं जुड़ा है, जिस वजह से बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद को समर्थन देने से मना कर दिया था। हालांकि, भाजपा समर्थित व्यापारियों ने नगर बंद का समर्थन करते हुए अपनी दुकानें बंद रखी है।
क्या छत्तीसगढ़ में “अघोषित आपातकाल” है?
आवाज़ें दबाने, विरोध कुचलने ये जो पुलिसिया दमन @bhupeshbaghel सरकार कर रही है, उसे पूरा प्रदेश देख रहा है।
रायपुर से सरगुजा, बस्तर तक यह तानाशाही चल रही है लेकिन कांग्रेस सुन ले! न हम डरे हैं न डरेंगे, यह आवाज और बुलंद होगी। pic.twitter.com/WXooLvbcOh
— Dr Raman Singh (@drramansingh) February 8, 2022
प्रदेश में अघोषित आपातकाल – डॉ रमन
पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने भाजपा नेताओं की गिरफ़्तारी का वीडियो जारी करते हुए एक ट्वीट किया है। डॉ सिंह ने लिखा, ‘क्या छत्तीसगढ़ में “अघोषित आपातकाल” है? आवाज़ें दबाने, विरोध कुचलने ये जो पुलिसिया दमन भूपेश बघेल सरकार कर रही है, उसे पूरा प्रदेश देख रहा है। रायपुर से सरगुजा, बस्तर तक यह तानाशाही चल रही है लेकिन कांग्रेस सुन ले! न हम डरे हैं न डरेंगे, यह आवाज और बुलंद होगी।’
सरकार के दबाव में काम कर रहा प्रशासन – केदार
केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्षद के भ्रष्टाचार के विरोध में और पीड़ितों को न्याय दिलाने भाजपा द्वारा पिछले 25 दिनों से आंदोलन किया जा रहा है। लेकिन, भूपेश सरकार के दबाव में प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बल्कि पीड़ितों को उनके घर से बेघर करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा ने आज शांतिपूर्ण तरीके से आज नगर बंद का आह्वान किया था। लेकिन, सरकार के दबाव में आकर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है।