आरक्षक ने बाथरूम में लगा ली फांसी, WhatsApp में लिखा बाय-बाय… और फंदे में झूल गया!
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पदस्थ एक आरक्षक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त आरक्षक की पत्नी घर पर ही मौजूद थीं। जवान द्वारा खुदकुशी करने का कारण अज्ञात है।
जानकारी के मुताबिक, कांकेर जिले के चारामा थाने में पदस्थ आरक्षक सतीश उइके ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। शनिवार की सुबह बाथरूम में उसने फांसी लगा ली।
घटना के बाद उसकी पत्नी आस पड़ोस के लोगों की मदद से सतीश को चारामा अस्पताल लेकर जा ही रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सतीश उइके अपनी पत्नी और 4 साल की बेटी के साथ चारामा में एक किराए के मकान में रहते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह सतीश ने व्हाट्सअप में बाय-बाय लिखा और बाथरूम में जाकर फंदे पर झूल गया। घर में मौजूद उसकी पत्नी ने जैसे ही आवाज सुनी तो वह बाथरूम की ओर दौड़ी। वहां जाकर उसकी चीख निकल पड़ी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आरक्षक के मौत की गुत्थी उलझ गई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सतीश का शव परिजनों को सौंप दिया है।
घटना के बाद से सतीश की पत्नी और परिवार सदमे में है, जिसके चलते उनसे पूछताछ नहीं हो सकी है। चारामा थाना प्रभारी नितिन तिवारी ने बताया कि आरक्षक के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।