पुलिस कालोनी में पंखे से लटका मिला महिला कांस्टेबल का शव… खुदकुशी की आशंका, परिजनों को हत्या का शक !
रायपुर @ खबर बस्तर। एसपी कार्यालय में पदस्थ एक महिला पुलिस कांस्टेबल का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस कालोनी के सरकारी क्वार्टर में शव मिलने से सनसनी मच गई। महिला कांस्टेबल द्वारा खुदकुशी करने की आशंका है। हालांकि परिजनों ने हत्या का संदेह जताया है।
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले का है, जहां मंगलवार की सुबह महिला पुलिस कांस्टेबल सीमा फर्रे (30) पिता मनीराम फर्रे का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे पर लटका पाया गया। शव सीलिंग फैन से चुन्नी के सहारे लटका हुआ था। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि भाटापारा जिले की रहने वाली महिला कांस्टेबल सीमा फर्रे जांजगीर के SP कार्यालय में पदस्थ थी। वह पुलिस कालोनी के सरकारी क्वार्टर में अकेले ही रहती थी।
मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने खिड़की से देखा तो कमरे के भीतर सीमा का शव फांसी से लटका दिखाई दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांश शुरू कर दी है।
परिजनों को हत्या का संदेह
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। वहीं सीमा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी काफी सुलझी हुई थी। वह आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम नहीं उठा सकती। पिता ने बताया कि पिछले 2 दिनों से उनकी बात सीमा से नहीं हो पाई थी। वह कॉल रिसीव नहीं कर रही थी।