अस्पताल में चेकअप के बहाने युवती से की छेड़छाड़, आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार… पेट दर्द का इलाज कराने पहुंची थी युवती
कोंडागांव @ खबर बस्तर। डॉक्टर को धरती का भगवान कहा गया है, लेकिन अगर इसी भगवान की नीयत अपने भक्तों यानी मरीजों को देख कर डोल जाए तो आप क्या कहेंगे।
कुछ ऐसा ही मामला कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक युवती ने डॉक्टर पर इलाज के बहाने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला धनोरा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, प्रार्थिया ने धनोरा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धनोरा में पदस्थ डॉक्टर सुधांशु शेखर साहू ने चेकअप के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की है।
युवती ने बताया कि पेट दर्द होने पर वह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धनोरा में इलाज कराने गई थी। वहां उसने डॉक्टर सुधांशु शेखर साहू को दिखाया तो उन्होंने कहा कि मैं चेक करता हूं।
इलाज के दौरान डोल गई नीयत
प्रार्थिया का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर साहू ने पेट दर्द की जांच करते हुए उसके शरीर को बुरे नीयत से गलत तरीके से छुआ। पीड़िता का आरोप है कि डाक्टर ने जाँच के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की है।
डॉक्टर की यह हरकत युवती को नागवार गुजरी और उसने अपने परिजनों को डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ करने की बात बताई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना धनोरा में अपराध क्रमांक 19/2022 धारा 354 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सुधांशु शेखर साहू (58 वर्ष) सीएचसी धनोरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।