छत्तीसगढ़ में कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल, 7 दिन तक बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ में सोमवार से अगले एक हफ्ते तक सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप रहेगा। प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठन एकजुट होकर हड़ताल पर जा रहे हैं, जिससे कार्यालयों में वीरानी छाई रहेगी।
बता दें कि कर्मचारी संगठनों ने 25 से 29 जुलाई तक हड़ताल का ऐलान किया है। 30 जुलाई को शनिवार और 31 को रविवार का अवकाश है। ऐसे में अगले 7 दिनों तक सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
ये हैं प्रमुख मांगें
राज्य के कर्मचारी केंद्रीय कर्मचारियों के समान DA (महंगाई भत्ता) और HRA (मकान किराया भत्ता) की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाता है। जबकि राज्य कर्मचारियों को महज 22 फीसदी ही मिलता है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी फेडरेशन ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। जिसमें अन्य कर्मचारी संगठन, शिक्षक संघ और पटवारी संघ भी शामिल हो गए हैं। कर्मचारियों की इस हड़ताल से आम लोगों को भी दिक्कतें होगी। प्रदेश में शिक्षक पहले से ही हड़ताल पर हैं। ऐसे में स्कूलों में भी बच्चों को 5 दिन तक मिड-डे-मील नहीं मिलेगा।
अगस्त के आधे महीने छुट्टी
शासकीय कैलेंडर के अनुसार, अगस्त के महीने में शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 13 दिन छुट्टियां रहेंगी। मोहर्रम, रक्षा बंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी इसी महीने पड़ रहे हैं। इतने दिन सरकारी कार्यालयों में कामकाज नहीं होगा।