पति ने जंगल में लगाई फांसी, पत्नी ने घर में की खुदकुशी… 20 दिन पहले ही हुई थी शादी, पति-पत्नी की मौत से सनसनी
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही दिन पति और पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। घटना रावघाट थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, आतुरबेड़ा के रहने वाले रस्सु राम नुरेटी (25) और रसाय नुरेटी (22) ने हाल ही में विवाह रचाया था। 28 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री सामुहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में दोनों ने सामाजिक रीति रिवाज से शादी की थी।
प्रेम प्रसंग के बाद की थी शादी
इससे पहले दोनों का प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था और पैठु मान्यता के अनुसार दोनों गांव में साथ-साथ ही रह रहे थे। शुक्रवार को रस्सु राम का शव जंगल में फंदे पर मिला तो वहीं उसकी पत्नी ने घर में फांसी लगा ली। एक साथ दोनों की मौत की खबर गांव में फैलते ही लोग दंग रह गए।
बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह दोनों पति-पत्नी ने साथ में ही खाना खाया और संग ही महुआ बीनने के लिए जंगल गए थे। कुछ देर बाद जंगल में ही रस्सू ने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के वक्त रस्सू की पत्नी जंगल के दूसरी तरफ थी। उसने जैसे ही अपने पति को फंदे पर लटके देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने पति को बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
घटना के बाद महिला अपने घर गई और उसने पूरे मामले की जानकारी अपने सास को दी। यह सुनते ही सास भी रोती बिलखती हुई जंगल की ओर भागी। लेकिन उसे वहां उस समय रस्सू का शव नहीं मिला।
बाद में जब वह वापस लौटकर घर आई तो बहू की लाश कमरे में फंदे पर लटकी हुई थी। ये देखकर वह हैरान रह गई।
घटना की खबर लगते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले जंगल से शव को बरामद किया। इसके बाद युवती की लाश को कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। सब कुछ सही चल रहा था। फिर अचानक दोनों ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसे लेकर परिजन भी हैरान हैं।