पुलिस थाने में जवान ने की खुदकुशी, परिसर में गोली चलने से मचा हड़कंप… डेढ़ महीने में आत्महत्या की दूसरी वारदात
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस थाना परिसर में सिपाही ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मैनपुर थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश कोसले सोमवार की सुबह खुद को गोली मार ली। इस घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, जवान द्वारा खुदकुशी किए जाने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
आरक्षक दिनेश कोसले मैनपुर थाना परिसर में ही बने मकान में रहता था। सोमवार को थाना परिसर में गोली चलने की आवाज सुनकर सभी सकते में आ गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में मौजूद जवान और अन्य स्टाफ जब मौके पर पहुंचे तो वहां जवान दिनेश कोसले की लाश पड़ी मिली। आनन-फानन में इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई।
बताया गया है कि मृतक जवान के पास से कोई सुसाइड नोट फिलहाल नही मिला है। मृत आरक्षक गरियाबंद जिले का ही रहने वाला था।
पहले भी हो चुकी है वारदात
आपको बता दें कि करीब डेढ़ महीने पहले इसी थाने में ऐसी ही एक वारदात हो चुकी है। बीते 24 अगस्त को थाने में पदस्थ आरक्षक शंकर लाल सिदार ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी।
डेढ़ माह के अंतराल में खुदकुशी की दूसरी घटना सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।