यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए कमलेश की उम्मीदवारी… 22 युवाओं को माना गया इस पद के काबिल
पंकज दाऊद @ बीजापुर। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए छग के 22 युवाओं को उत्कृष्ठ माना गया है और इनमें बीजापुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम का नाम भी शुमार है।
कमलेश कारम (33) पामेड़ इलाके के जारपल्ली गांव के निवासी हैं और 2010 में वे इस पंचायत के सरपंच चुने गए थे। उन्होंने 2010 में ही राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद वे 2015 में उसूर क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के तौर पर निर्वाचित हुए।
अब इसी पद पर उनका दूसरा कार्यकाल है। दूसरे कार्यकाल में उन्हें जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनाया गया। अभी वे प्रदेश यूथ कांग्रेस के सचिव हैं।
ज्ञात हो कि यूथ कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी का कार्यकाल समाप्त होने वाला हैं। 20 से 27 अप्रैल के बीच नामांकन हो रहा है। दावा आपत्ति 28 से 30 अप्रैल के बीच होगी। इसके बाद स्क्रूटनी 2 मई को होगी।
नामवापसी की तारीख 5 मई मुकर्रर की गई है। चुनाव 12 मई से 22 जून के बीच ऑनलाइन हांगे। इंडियन यूथ कांग्रेस के 18 से 35 आयुवर्ग के सदस्य मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।
कमलेश कारम ने उनके इस पद के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास एवं प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी का आभार माना है।