कुएं में मिला तेंदुए का शव… पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, वन अमला बेखबर
कांकेर @ खबर बस्तर। कांकेर जिले में एक और तेंदुए की कुएं में गिरने से मौत हो गई। कुएं में तेंदुए का शव देखकर ग्रामीणों ने वन अमले की सूचना दी।
पिछले डेढ़ महीने में यह तीसरी घटना है, जिसमें वन्य जीवों की इस तरह मौत हुई है। इससे पहले एक तेंदुआ और एक भालू भी कुएं में गिर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, दुधावा चौकी क्षेत्र के देवडोंगर गांव निवासी गजाधर पटेल की बाड़ी में 40 फीट गहरा कुआं है। परिवार के सदस्य जब पानी लेने के लिए पहुंचे तो कुएं में तेंदुए का शव देखकर सब सकते में आ गए। घर वालों ने आसपास के लोगों और वन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कुंए से बाहर निकाला। तेंदुए का शव फूला हुआ था, जिससे इसके करीब 2 दिन पुराना होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। वन अमले ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
आशंका जताई जा रही है कि शिकार के चक्कर में तेंदुआ कुंए में गिरा होगा। बहरहाल, पीएम रिपोर्ट आने पर ही तेंदुए की मौत के सही कारणों का खुलासा होेगा।
बता दें कि करीब डेढ़ माह पहले नरहरपुर के कुएं में एक भालू गिर गया था। करीब 5 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। वहीं दिसंबर महीने में चारामा के जैसाकर्रा गांव में भी एक तेंदुए का शव कुएं में मिला था।