कोरोना टेस्ट के नाम पर गर्भवती महिलाओं से दुष्कर्म, आरोपी स्वास्थ्यकर्मी गिरफ्तार
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने एक स्वास्थ्यकर्मी को गिरफ्तार किया है। स्वास्थ्यकर्मी पर कोरोना जांच के नाम पर दो गर्भवती महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने का आरोप है।
बता दें कि राजिम थाना क्षेत्र से रविवार को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है। पुलिस के मुताबिक कोरोना जांच के नाम पर आरोपी 3 दिनों तक महिलाओं के घर जाता रहा। इस दौरान उसने महिलाओं को अलग कमरे में ले जाकर उनके साथ अश्लीलता की।
जानकारी के मुताबिक, राजिम निवासी आरोपी शत्रुघ्न सेन सुरसाबांधा गांव के उपस्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मी के पद पर पदस्थ है। इस गांव में कुछ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिसके बाद इन्हें कोविड सेंटर में इलाज के लिए भेज भर्ती कराया था।
Read More: मास्क नहीं पहनने पर रोका तो पुलिसवालों पर चढ़ा दी कार… ASI और कांस्टेबल घायल, दो आरोपी गिरफ्तार
संक्रमित लोगों के परिवार के अन्य सदस्यों की भी कोविड जांच होनी थी। लिहाजा आरोपी शत्रुघ्न सेन 2 सितम्बर को उसी घर में पहुंचा और जांच के बहाने घर में मौजूद 3 महीने और 9 माह की गर्भवती महिलाओं के साथ अश्लीलता की। इतने पर भी आरोपी नहीं माना और दूसरे दिन फिर जांच के नाम पर घर गया और घटना को दोहराने लगा।
स्वास्थ्यकर्मी की इस हरकत से शुरूआत में तो डर चुकी महिलाओं ने चुप्पी साधे रखी लेकिन बाद में अपने पतियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घरवालों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हंगामा कर दिया। मामला तूल पकड़ने लगा और राजिम के बीएमओ वीरेंद्र हिरौंदिया के पास घटना की जानकारी पहुंची।
बीएमओ ने मामले में विभागीय स्तर पर जांच करवाई और रिपोर्ट तैयार कर मामले की जानकारी पुलिस को दी। इधर, शिकायत के बाद पुलिस ने शर्मनाक करतूत को अंजाम देने वाले आरोपी स्वास्थ्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसके पहले भी कुछ महिलाओं के साथ ऐसी ही हरकत की होगी। फिलहाल, पुलिस द्वारा आरोपी से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शत्रुघ्न ड्यूटी पर भी अक्सर शराब के नशे में रहता है।
- आपको यह खबर पसंद आई तो इसे अन्य ग्रुप में Share करें…