सड़क हादसे में सरेंडर नक्सली की मौत, पत्नी ने मामले की जांच की मांग उठाई
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक आत्मसमर्पित नक्सली की सड़क हादसे में मौत हो गई। सरेंडर नक्सली को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा-गीदम मार्ग पर कारली के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने समर्पित नक्सली सुंदर कोर्राम को टक्कर मार दी। घटना के बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि आत्मसमर्पित नक्सली सुंदर कोर्राम ने साल 2018 में सरेंडर किया था। उसकी पत्नी मंजू कोर्राम भी पुलिस के समक्ष सरेंडर कर चुकी है।
सरेंडर नक्सली की पत्नी मंजू कोर्राम ने अपने पति की मौत के मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे किसी व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर पैसे की लेनदेन की बात हुई। जिसके बाद उसका पति घर से निकला था।
बीती रात को कारली स्थित निर्मल निकेतन स्कूल के पास कोई वाहन से उसके पति को टक्कर मार कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने सुंदर कोर्राम को 108 एंबुलेंस को बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
मंजू कोर्राम का कहना है कि उसके पति का एक्सीडेंट हुआ है। या फिर किसी ने जानबूझकर उसे मारा गया है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इधर, घटना के बाद गीदम पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गीदम थाना प्रभारी ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सली का पोस्टमार्टम हो चुका है और परिजन को शव सुपुर्द कर दिया गया है।
सरेंडर नक्सली को किस वाहन ने टक्कर मारी, इसका पता नहीं चला है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास के एरिया के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।