रमज़ान का चांद नज़र आया, कल होगा पहला रोज़ा…
जगदलपुर @ खबर बस्तर। रमजान के पाक और मुबारक महीने का चांद नज़र आ गया है। कल यानी 3 अप्रैल (इतवार) को पहला रोज़ा होगा।
देश के कई हिस्सों में चांद देखे जाने की खबर आ रही है। छत्तीसगढ़ के भी कई इलाकों में चांद देखा गया है। जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव डोंगरगांव समेत कांकेर के पास जामगांव में चांद नज़र आया है।
शनिवार को चांद का दीदार होते ही रमज़ान की तैयारियां शुरू हो गई है। आज से मस्जिदों में ईशा की नमाज़ के साथ ही तरावीह की विशेष नमाज अदा की जाएगी। वहीं कल सुबह सहरी के बाद पहला रोज़ा रखा जाएगा।
गौरतलब है कि पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए रमज़ान का महीना सबसे महत्वपूर्ण महीनों में से एक है। यह इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना है। इस महीने में मुसलमान रोजा रखते हैं और अल्लाह की इबादत करते हैं।
इबादतों का महीना
रमजान के पवित्र महीने में 30 दिन तक मुस्लिम समाज के लोग इबादत करते हैं। सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक मुस्लिम समुदाय के लोग कुछ खा-पी नहीं सकते हैं। इस दौरान वह पांच वक्त की नमाज पढ़ते हैं और सूर्यास्त के बाद ही वह रोजा खोलते हैं।
रमजान में मस्जिदों और घरों में कुरान की तिलावत की जाती है। सभी लोगों के लिए रमजान में रोजा रखना अनिवार्य माना जाता है। हालांकि, कुछ मामलो में रोजा न रखने की छूट भी होती है। इस महीने में ज़कात देना मुनासिब माना जाता है।