नारी निकेतन की महिलाओं से पैर दबवाने वाली अधीक्षिका सस्पेंड, Video वायरल होने के बाद कलेक्टर ने की कार्रवाई
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संचालित नारी निकेतन में रह रहीं महिलाओं और युवतियों को प्रताड़ित करने का मामला सामने सामने आया है। संस्था की अधीक्षिका यहां रहने वाली महिलाओं से पैर दबवाती थी और कई तरह से उनका शोषण करती थी।
नारी निकेतन की अधीक्षिका कल्पना रथ द्वारा एक युवती से पैर दबवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। मामले की जानकारी जिला प्रशासन तक भी पहुंची और कलेक्टर विनीत नंदनवार ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका को सस्पेंड कर दिया है।
नारी निकेतन की महिलाओं का आरोप है कि अधीक्षिका उनसे पैर दबवाने के साथ ही खाना भी नहीं देती थी। वहीं महिलाओं के साथ मारपीट भी किया करती थी। नारी निकेतन मे रहने वाली बेसहारा महिलाओं ने अधीक्षिका की प्रताड़ना से तंग आकार विडियो बनाया और वायरल कर दिया।
मामला संज्ञान मे आने के बाद कलेक्टर ने आरोपी अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बता दें कि इससे पहले भी कल्पना रथ पर बचेली में पदस्थापना के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पैसे लेने का आरोप लगाया था। नारी निकेतन के संचालन हेतु पर्यवेक्षक दंतेवाड़ा उषा सिंह को संस्था का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।