2 जवानों ने आपस में की फायरिंग, दोनों की मौके पर हुई मौत
न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बार्डर एरिया में तैनात सुरक्षा बल के दो जवानों ने एक दूसरे पर ही गोलियां दाग दी। इस घटना में दोनों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई है।
छग की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले का यह मामला है। बताया जा रहा है कि SRPF (स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स) में तैनात दो जवानों ने आपस में ही फायरिंग कर दी। घटना बुधवार की है। दोनों जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आपसी विवाद के चलते जवानों द्वारा एक-दूसरे पर गोली चलाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। दोनों जवान नक्सल प्रभावित इलाके मरपल्ली के पुलिस सहायता केंद्र में पदस्थ थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते तैश में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर अपनी सर्विस राइफल से गोली चला दी। इस घटना से हड़कंप मच गया।
गोली की आवाज सुनकर पुलिस सहायता केंद्र में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया था। मृत जवानों का नाम श्रीकांत बेयर्ड और बंदू नवाथरे बताया जा रहा है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़चिरौली अस्पताल लाया गया है।