नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर जवानों से भरी बस को उड़ाया… ड्राईवर समेत DRG के 5 जवान शहीद, कई घायल
नारायणपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सर्चिंग पर निकले जवानों की बस को माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस हमले में ड्राईवर समेत डीआरजी के 5 जवान शहीद हो गए, जबकि 12 घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट के दौरान बस में कुल 24 जवान सवार थे। जिनमें से 5 की शहादत हुई है। वहीं एक दर्जन से ज्यादा जवान इस हमले में जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बैकअप फोर्स को मौके पर रवाना कर दिया गया है। घटना कड़ेनार के पास की है, जहां नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए ब्लास्ट किया है।
बस में सवार होकर सभी जवान नक्सल ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने शक्तिशाली विस्फोट कर बस को उड़ा दिया।
बस्तर IG सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते बताया कि नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के बाद DRG फोर्स वापस लौट रही थी। उसी दौरान एक IED ब्लास्ट में बस के ड्राइवर समेत 5 जवान शहीद हो गए। इस घटना में दो जवान गंभीर रूप से घायल थे, जिसमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई।
नक्सली हमले में गंभीर रूप से घायल एक जवान का इलाज जारी है। इसके अलावा घटना में 12 और जवानों को सामान्य चोट लगी है। घायल जवानों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया है।
हादसे में शहीद होने वाले जवानों के नाम
- जय लाल उइके, ग्राम-कसावाही (प्रधान आरक्षक)
- करन देहारी, अंतागढ़, (ड्राइवर)
- सेवक सलाम, कांकेर
- पवन मंडावी, बहीगांव
- विजय पटेल, नारायणपुर
घने जंगलों के बीच नक्सलियों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर जिले के कड़ेनार इलाके में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घना जंगलों में नक्सलियों ने घात लगाकर बस को निशाना बनाया और IED ब्लास्ट किया है। डीआरजी के जवान सर्चिंग आपरेशन से लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने आईईडी बम ब्लास्ट कर दिया। बस में DRG के 24 जवान सवार थे। ब्लास्ट में 5 जवान शहीद हो गए, जिनमें चालक समेत 4 जवान शामिल हैं।
CM भूपेश बघेल ने हमले की निंदा की
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलियों का वर्चस्व कम होता जा रहा है। अब सरकार नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करेगी। वहीं, राज्यपाल अनुसुईया उइके ने नक्सली हमले में शहीद जवानों के प्रति दुख व्यक्त किया। उन्होंने शहीदों के परिजनों को सांत्वना देते हुए घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नक्सलियों ने की थी शांति वार्ता की पेशकश
आपको बता दें कि करीब हफ्तेभर पहले ही नक्सलियों ने शांति वार्ता का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा था। नक्सलियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि वे जनता की भलाई के लिए सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने बातचीत के लिए तीन शर्तें भी रखीं थीं। इनमें सशस्त्र बलों को हटाने, माओवादी संगठनों पर लगे प्रतिबंध हटाने और जेल में बंद उनके नेताओं की बिना शर्त रिहाई की शर्तें शामिल थीं।
- आपको यह खबर पसंद आई तो इसे अन्य ग्रुप में Share करें…
खबर बस्तर के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए इस Link को क्लिक कीजिए…