शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने दंतेवाड़ा जाएंगे CM भूपेश बघेल, रद्द किया कर्नाटक दौरा
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर पुलिस की गाड़ी को उड़ा दिया। इस हमले में DRG के 10 जवान शहीद हुए हैं।
नक्सली हमले के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में CM भूपेश बघेल ने पुलिस मुख्यालय और एंटी नक्सल आपरेशन के आला अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली।
करीब दो घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री बघेल ने घटना स्थल, वहां की सुरक्षा और नक्सलियों के हमले के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वहीं अपने कर्नाटक दौरे को रद्द कर दिया।
मुख्यमंत्री के साथ बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा, एडीजी नक्सल आपरेशन विवेकानंद सिन्हा समेत आला अधिकारी मौजूद थे।
अब सीएम बघेल गुरुवार को दंतेवाड़ा जाएंगे और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे व परिजनों से मुलाकात करेंगे। वे दंतेवाड़ा जाकर नक्सल घटना की समीक्षा करेंगे और जमीनी हालत का जायजा लेंगे।
बता दें कि नक्सली हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने CM बघेल से फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।