नक्सलियों ने धान बेचने गए ग्रामीण की कर दी हत्या… दिनदहाड़े हुई वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस मौके पर पहुंची
बीजापुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी वारदात को अंजाम दिया है।
माओवादियों ने धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने पहुंचे एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना उसूर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, उसूर धान उपार्जन केन्द्र में शुक्रवार की सुबह नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि राममूर्ति गटपल्ली धान बेचने के लिए उसूर धान उपार्जन केंद्र गया हुआ था। इसी दौरान कुछ नक्सली मौके पर पहुंचे और कुल्हाड़ी और चाकू से राममूर्ति पर जानलेवा हमला कर भाग निकले।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम घटना के वक्त मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ कर रही हैं। दिन दहाड़े हुई वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।
बीजापुर एसपी अंजनेय वैष्णव ने घटना की पुष्टि की हैं। उन्होने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद हैं। मौके पर कोई नक्सली पर्चा आदि नही मिला है, जिसकी वजह से इस हत्याकांड में माओवादियों के शामिल होने की पुष्टि अभी तक नही हो सकी है।