8 लाख की इनामी महिला नक्सली समेत दो माओवादियों ने किया सरेंडर… 50 जवानों की हत्या में शामिल थी नक्सली कमांडर
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस को नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। 8 लाख की इनामी महिला नक्सली सहित दो माओवादियों ने पुलिस अफसरों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने एक महिला नक्सली नीला उर्फ असन्तिन उइके भी शामिल है, जो कि नक्सलियों के प्लाटून कम्पनी 2 की डिप्टी कमांडर के पद पर कार्य कर रही थी। नक्सली कमांडर नीला 50 जवानों की हत्या के मामले में शामिल रही है।
वहीं आत्मसमर्पण करने वाला दूसरा नक्सली मुकेश गावड़े रावघाट एरिया कमेटी के सदस्य के रूप ने काम कर रहा था। वह साल 2009 से नक्सल संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न नक्सल मामलों में शामिल रहा। मुकेश गावड़े पर पुलिस पार्टी पर हमला करने, ग्रामीणों से मारपीट, हत्या जैसे मामले दर्ज हैं।
महिला नक्सली नीला उर्फ असन्तिन उइके लम्बे समय से नक्सल संगठन में सक्रिय थी, जिस पर शासन ने 8 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। नीला 2003 से नक्सल संगठन में सक्रिय थी, जो कि बस्तर समेत ओडिशा में भी नक्सल संगठन के साथ काम कर चुकी है।
इन वारदातों में रही शामिल
नीला पर 2004 में सीआरपीएफ कैम्प पर हमला करने, 2007 में ओडिशा के नयागढ़ में पुलिस मुख्यालय में हमला, ओडिशा में ही बालिमेला में सीआरपीएफ जवानों पर हमला समेत कई मामले दर्ज है। इन घटनाओं में 50 जवानों की शहादत हुई थी। इसके अतिरिक्त भी नीला कई बड़े घटनाओं में शामिल रही है।
कांकेर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा व अन्य पुलिस अधिकारियों के समक्ष दोनों नक्सलियों ने सरेंडर किया। इस दौरान एसपी ने दोनों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर मुख्यधारा में लौटने पर शुभकामनाएं दी।