कर्मचारी सस्पेंड: DEO ने सहायक ग्रेड 2 को किया निलंबित, बच्चों का अपलोड किया था अश्लील वीडियो
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ एक कर्मचारी को DEO द्वारा सस्पेंड किया गया है। कर्मचारी पर आरोप है कि उसने बच्चों का अश्लील वीडियो अपलोड किया था।
जानकारी के मुताबिक, शासकीय हाईस्कूल रनपुर विकासखंड जशपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 अरविंद लकड़ा ने बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो को अपने मोबाइल के जरिये इंटरनेट पर अपलोड किया था।
आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जशपुर कोतवाली थाने में आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले कर्मचारी को जिला शिक्षाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीईओ कार्यालय द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि सहायक ग्रेड 2 का उक्त कृत्य छग सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के सर्वथा विरूद्ध है और कदाचार की श्रेणी में आता है।
आरोपी सहायक ग्रेड 2 अरविंद लकड़ा के पुलिस अभिरक्षा में 48 घंटे से ज्यादा रहने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उसे सस्पेंड कर दिया गया है।