कर्मचारी सस्पेंड : रावण का हुआ दहन, पर नहीं जले 10 सिर… नगर निगम कर्मचारी सस्पेंड, 4 को नोटिस जारी
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ में दशहरा के मौके पर एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। विजयदशमी पर रावण का दहन तो किया गया लेकिन दशानन के 10 सिर नहीं जले।
इसे गंभीर चूक मानते हुए नगर निगम के एक कर्मचारी को सस्पेंड किया गया है। वहीं 4 अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी की गई है। आदेश में कहा गया है कि इस कृत्य से निगम की छवि धूमिल हुई है, जिससे उक्त कार्रवाई की गई है।
दरअसल, यह पूरा मामला धमतरी जिले का है। नगर के गौशाला मैदान में बुधवार को रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया था। निगम की ओर से रावण का पुतला बनवाने की जिम्मेदारी सहायक ग्रेड-3 राजेंद्र यादव सहित अन्य लोगों को सौंपी गई थी।
निगम कर्मचारियों द्वारा रावण दहन के लिए करीब 30 फीट ऊंचा पुतला तैयार कराया गया। तय कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार की देर शाम रावण के पुतले में आग लगाई गई।
आतिशबाजी के साथ रावण का पुतला तो जल गया, लेकिन उसके 10 सिर वैसे के वैसे ही रहे। दरअसल, रावण के 10 सिर तक आग पहुंच ही नहीं सकी और एक भी सिर नहीं जल सका।
इसके बाद निगम की टीम ने सभी 10 सिरों को जमा कर एक साथ आग लगाई। रावण दहन का वीडियो यह सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने से नगर निगम की खूब किरकिरी हुई।
इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए निगम आयुक्त द्वारा घटना के दूसरे ही दिन आदेश जारी कर कर्मचारी राजेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इसी मामले में निगम के 4 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।