छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 6 वाहनों को फूंक डाला, नक्सलियों ने मचाया जमकर उत्पात
जगदलपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात करते हुए 6 वाहनों में आगजनी की है। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों ने 6 वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। जलाए गए वाहन सड़क और पुल निर्माण कार्य में लगे हुए थे। नक्सलियों ने मजदूरों को काम बंद करने धमकी भी दी है।
बताया जाता है कि भामरागढ़ तहसील के एक अंदरूनी गांव में पिछले कई दिनों से सड़क और पुल निर्माण का काम चल रहा था। नक्सलियों ने काम बंद करने की चेतावनी भी दी थी। बीती रात कुछ हथियारबंद नक्सली मौके पर पहुंचे और एक के बाद एक कुल 6 वाहनों में आग लगा दी।
इन वाहनों में आगजनी की
गढ़चिरौली जिले के नारगुंडा थाना क्षेत्र की यह घटना है। नक्सलियों ने 1 JCB, 1 पोकलेन, 2 ट्रैक्टर और 2 बाइक को फूंक डाला। बताया गया है कि नक्सलियों ने घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों व मुंशी को पहले बंधक बनाया, फिर सभी से मोबाइल फोन ले लिया।
घटना को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने सभी का फोन लौटा दिया और सभी हथियारबंद नक्सली घने जंगल की तरफ लौट गए। वारदात के बाद अभी निर्माण काम बंद है। इधर, मजदूरों ने आगजनी की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।