आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या, सड़क किनारे मिला शव… पुलिस लाइन से फरार था मृतक, 3 महीने पहले किया था सरेंडर
बीजापुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या कर दी गई है। गांव के पास ही उसका शव मिला है। धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई है।
सरेंडर नक्सली की हत्या के पीछे माओवादियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इसे नक्सली वारदात मानने से फिलहाल बच रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के पोंदुम गांव में आत्मसमर्पित माओवादी बामन पोडियम का शव मिला है। धारदार हथियार से उसका गला रेता गया है, वहीं शरीर पर भी कई जगहों पर चाकू से वार करने के निशान मिले हैं।
आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या के बाद शव को गांव के पास सड़क के किनारे फेंक दिया गया। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरा मामला भैरमगढ़ थाना क्षेत्र का है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही भैरमगढ़ एसडीओ पी तारेश साहू एवं टीआई के नेतृत्व में जवानों का दल घटना स्थल पहुंचा और शव को बरामद किया गया।
बता दें कि ग्राम जप्पेमरका निवासी आत्मसमर्पित माओवादी बामन पोडियम ने करीब 3 महीने पहले पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था। समर्पण करने के बाद वह बीजापुर के पुलिस लाइन में रहने लगा था।
पुलिस लाइन से फरार था मृतक
बताया जाता है कि सरेंडर नक्सली बामन पोडियम 15-20 दिन पहले पुलिस लाइन से अचानक फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी खोजबीन करती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की सुबह उसकी लाश मिली।
आत्मसर्पित नक्सली बामन पोडियम की हत्या का रहस्य अभी भी बरकरार है। पुलिस इस हत्या को पूर्ण रूप से नक्सली वारदात नहीं मान रही है।
बीजापुर एसपी आंजनेय वैष्णव का कहना है कि घटनास्थल से ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिसके आधार पर पुख्ता तौर पर कहा जाए कि नक्सलियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल इसे नक्सली हत्या कहना जल्दबाजी होगी।