661 शिक्षकों व कर्मचारियों का ट्रांसफर आदेश निरस्त, सरकार ने जारी किया आदेश… जानिए क्या है वजह ?
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षा विभाग में पदस्थ शिक्षकों व अन्य कर्मचरियों के ट्रांसफर आदेश को निरस्त कर दिया है। जारी आदेश में लिपिकीय त्रुटि बताते हुए उक्त तबादला सूची को निरस्त किया गया है।
बता दें कि बीते 2 दिनों में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने दो अलग-अलग ट्रांसफर आदेश जारी कर 600 से ज्यादा शिक्षकों व कर्मचारियों का तबादला कर दिया था। इन दोनों ही आदेश को शासन द्वारा अब रद्द कर दिया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को नया आदेश जारी कर शिक्षकों के दोनों ट्रांसफर लिस्ट को निरस्त कर दिया है। बता दें कि दो दिनों में कुल 661 शिक्षकों व कर्मचारियों के ट्रांसफर आदेश जारी किए गए थे।
क्या है लिखा आदेश में ?
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है दिनांक 25.08.2022 को बालोद, कांकेर, जशपुर, राजनादगांव एवं बलरामपुर जिलों में स्थित उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पदस्थ 436 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशासनिक आधार पर किये गये स्थानांतरण आदेश में कई लिपिकीय त्रुटियां परिलक्षित होने के कारण राज्य शासन एतद् द्वारा आदेश को निरस्त किया है।
इसी तरह दिनांक 26.08.2022 को बालोद, राजनांदगांव एवं बेमेतरा जिलों में स्थित उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पदस्थ 225 अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रशासनिक आधार पर किये गये स्थानांतरण आदेश में कई लिपिकीय त्रुटियां परिलक्षित होने के कारण राज्य शासन एतद् द्वारा आदेश को निरस्त किया है। भविष्य में इस संबंध में पृथक से आदेश जारी किये जायेंगे।