नदी में तैरती मिली महिला की लाश, मछुआरों ने जाल फेंका तो फंस गया शव
जगदलपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक महिला का शव नदी में तैरता मिला। महिला घर से शौच के निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी।
जानकारी के मुताबिक, रायगोंदी इंद्रावती नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ देख ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवा कर पीएम के पश्चात शव परिजनों को सौप दिया गया।
मारडूम थाना प्रभारी ने बताया कि 16 जुलाई की रात को महिला घसनिन यादव 66 वर्ष अपने पति के साथ खाना खाने के बाद शौच करने के नाम पर अपने घर से निकली थी।
रात को जब महिला वापस नही लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और आसपास गांव में काफी खोजबीन की गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के तीन दिन बाद परिजनों ने 19 जुलाई को थाना में मामला दर्ज कराया।
शव को मगरमच्छों ने क्षत विक्षत किया
इधर, बुधवार को ग्राम रायगोंदी में कुछ मछुआरों ने इंद्रावती नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला का शव मछुवारों के जाल में फंस गया। नदी में मगरमच्छों ने महिला के शव को क्षत विक्षत कर दिया था।