भीषण हादसा: दुल्हन की विदाई करा लौट रहे बारातियों की गाड़ी पेड़ से टकराई… 3 की मौत, 7 घायल
जगदलपुर @ खबर बस्तर। दुल्हन की विदाई करा लौट रहे बारातियों की गाड़ी पेड़ से टकराने से 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सोमवार की अल सुबह हादसा जगदलपुर के पास हुआ।
घटना के बाद घायलों को डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज में दाखिल गराया गया है। ड्राइवर को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के शिकार हुए सभी लोग शादी के बाद दुल्हन की विदाई करा लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, देउरगांव में रविवार को शादी थी। देर रात करीब 2 बजे वैवाहिक कार्यक्रम खत्म हुआ और दुल्हन की विदाई के बाद सभी बाराती चंद्रगिरी लौट रहे थे। एक स्कार्पियो वाहन में 10 लोग सवार थे, जबकि दूसरी कार में वर-वधु समेत घर के अन्य लोग बैठे थे।
वापसी के दौरान तड़के करीब 4 बजे कोयपाल मोड़ के पास स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में स्कार्पियो में बैठे 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।
हादसा पखनार पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ है। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से स्कार्पियो के अंदर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में मरने वाले युवकों में विनोद कश्यप (26) और शंकर कश्यप (23) शामिल हैं। वहीं तीसरे मृतक की जानकारी नहीं मिल पाई है। घायलों में संतुराम, घनश्याम, रितेश, लूदरु, सुखमन और लोकेश शामिल हैं।