5 पुलिसकर्मी निलंबित : जवानों को चकमा देकर फरार हुआ विचाराधीन बंदी, लापरवाह पुलिस वालों को SP ने किया सस्पेंड
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ में 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले एक हवलदार और 4 सिपाहियों पर निलंबन की गाज गिरी है।
दरअसल, कवर्धा के जिला अस्पताल से एक विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
इस घटना में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई थी, जिसे देखते हुए एसपी लाल उमेंद सिंह ने 5 पुलिस वालों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कर्वधा जिले के कुकदुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 20 वर्षीय सनी चौरसिया नामक युवक को गिरफ्तार किया था।
सनी के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ रेप की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने 31 अक्टूबर 2022 को आरोपी सनी चौरसिया को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था।
विचाराधीन कैदी सनी की तबियत खराब होने पर उसे 7 नवंबर को जिला अस्पताल कवर्धा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
इसी बीच 10 नंवबर की देर शाम बंदी ने पुलिस जवानों को बाथरूम जाने के नाम पर अपनी हथकड़ी खुलवा लिया और पुलिस जवानों को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया।
अस्पताल से बंदी के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। यी। देर रात तक पता-तलाश के बाद भी फरार बंदी का सुराग पुलिस के हाथ नही लग सका।
उधर एसपी लाल उमेंद सिंह ने डयूटी पर तैनात एक हवलदार व 4 सिपाहियों को निलंबित कर दिया हैं।