घर में फांसी पर लटका मिला महिला का शव, सोने-चांदी के गहने गायब… परिजनों को हत्या की आशंका !
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में फांसी पर लटका मिला है। महिला के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
महिला ने खुदकुशी की है या फिर ये हत्या का मामला है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि मृत महिला के शरीर से गहने गायब हैं। इस बात की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी है।
जानकारी के मुताबिक, नरहरपुर ब्लॉक के जामगांव निवासी श्रीचरण मंडावी की पत्नी कमला देवी का शव घर में फंदे पर लटका पाया गया। घटना के वक्त श्रीचरण मंडावी और उनकी बेटी के अभनपुर शादी में गए हुए थे।
मंगलवार की सुबह श्रीचरण ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की।
मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि मां ने सोने-चांदी के कुछ गहने पहने हुए थे, जो उसके शरीर पर मौजूद नहीं हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई है, ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा। जांच में फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है।