ढोलकल की गणेश प्रतिमा से छेड़छाड़… असामाजिक तत्वों ने मूर्ति पर अंग्रेजी में लिखा ये नाम ! पहले भी खंडित हो चुकी है मूर्ति
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के ढोलकल शिखर पर विराजित भगवान गणेश की ऐतिहासिक प्रतिमा के साथ एक बार फिर छेड़छाड़ की गई है। असामाजिक तत्वों ने मूर्ति पर अंग्रेजी के दो लेटर लिख डाले हैं।
शरारती तत्वों की इस करतूत को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि, इस ऐतिहासिक धरोहर से छेड़छाड़ करने वाले बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है।
बता दें कि ढोलकल पर्वत शिखर पर 3 हजार फीट की ऊंचाई पर विराजे भगवान की गणेश मूर्ति के साथ पहले भी इस तरह की वारदात हो चुकी है।
साल 2017 में असामाजिक तत्वों ने गणेश प्रतिमा को पहाड़ी से नीचे फेंक दिया था। काफी खोजबीन के बाद गणेश की यह मूर्ति पहाड़ी से नीचे खंडित अवस्था में मिली थी।
क्यों खास है प्रतिमा
11वीं-12वीं शताब्दी में स्थापित यह प्रतिमा करीब तीन फीट ऊंची और ढाई फीट चौड़ी है, जो कि ग्रेनाइट की बनी है। प्रतिमा के ऊपरी दाएं हाथ में फरसा एवं ऊपरी बाएं हाथ मे टूटा हुआ एक दांत है। इस प्रतिमा को लेकर आज भी रहस्य बना हुआ है।