CG स्कूल टाइमिंग में बदलाव… कलेक्टर ने जारी किया आदेश, शीतलहर और ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में किया परिवर्तन
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों के टाइमिंग में बदलाव किया गया है। क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन करने संबंधी आदेश जारी किया है। यह आदेश 05 दिसम्बर सोमवार से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार, दो पालियों में संचालित होने वाली कक्षाएं प्रथम पाली में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9ः00 बजे से 12ः30 बजे तक संचालित होंगी। वहीं शनिवार को दोपहर 12ः45 से 4ः15 बजे तक कक्षाएं लगेंगी।
इसी क्रम में द्वितीय पाली में संचालित होने वाली कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 12ः45 बजे से 4ः15 बजे तक व शनिवार को सुबह 9ः00 बजे से 12ः30 बजे तक संचालित होंगी।
इसी प्रकार एक पाली में संचालित होने वाली कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9ः45 बजे से 4ः00 बजे तक तथा शनिवार को सुबह 9ः00 बजे से 12ः30 बजे तक संचालित की जायेंगी।