डॉक्टर की संदिग्ध मौत, अस्पताल के कमरे में मिली लाश… पत्नी ने फोन किया तो…
रायपुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक निजी अस्पताल के कमरे में डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यहां डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। डॉक्टर की मौत कैसे हुई, इसकी पड़ताल पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के गायत्री अस्पताल के संचालक डॉ अजय जायसवाल की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है। बताया गया है कि रविवार की देर रात वे अपने घर से नर्सिंग होम आए थे। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह उनकी लाश अस्पताल के कमरे में पड़ी मिली।
डॉक्टर की पत्नी ने अस्पताल में फोन कर गार्ड को पति से फोन में बात कराने को कहा, तब स्टाफ ने उनके कमरे में जाकर देखा तो रूम के भीतर डॉ. जायसवाल की लाश पड़ी थी। अस्पताल के स्टाफ ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
बता दें कि यह पूरा मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत चौक स्थित गायत्री हॉस्पिटल का है। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। इसी बीच रविवार की देर रात करीब 12 बजे डॉ. जायसवाल घर से नर्सिंग होम आए, फिर वे वापस नहीं लौटे।
बताया यह भी जा रहा है कि डॉ. अजय नशे के इंजेक्शन लेने के आदी थे। अस्पताल में उनका शव मिलने से अफरा तफरी मच गई। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर अपनी जांच शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश में पुलिस द्वारा डॉग स्क्वाड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट आदि की भी मदद ली जा रही है।
- आपको यह खबर पसंद आई तो इसे अन्य ग्रुप में Share करें…