सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, DRG जवानों ने ध्वस्त किया नक्सली कैम्प
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बल के जवानों नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। डीआरजी के जवानों ने नक्सलियों का कैम्प ध्वस्त कर दिया है। कांकेर एसपी शलभ सिन्हा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि आमाबेड़ा क्षेत्र के जंगलों में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। शुक्रवार की शाम यह मुठभेड़ हुई, जिसमें जवानों ने नक्सली कैम्प को ध्वस्त करने में कामयाबी हासिल की।
कांकेर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि डीआरजी जवानों की पार्टी सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान आमाबेड़ा क्षेत्र के जंगलों में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवानों ने मौके से भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की है।
बता दें कि बारिश के मौसम में जंगलों को अपनी ढाल की तरह इस्तेमाल करने वाले नक्सलियों की रणनीति इस बार फेल साबित हुई है। अंदरूनी क्षेत्रों तक अब जवानों की दखल बढ़ी है, जिससे नक्सलियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जवानों द्वारा नक्सल कैम्प से भारी मात्रा में नक्सली वर्दी, बर्तन, खाने का सामान, नक्सल साहित्य, दवाइयां सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।