उपचुनाव से पहले भानूप्रतापपुर में मिला नकली नोट… फल व्यापारी को 500 का जाली नोट थमा गया अज्ञात शख्स, पुलिस में शिकायत दर्ज
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में नकली नोट खपाए जा रहे हैं। इस का खुलासा उस वक्त हुआ, जब एक फल व्यापारी को अज्ञात शख्स 500 का जाली नोट थमा गया।
बता दें कि इस क्षेत्र में आगामी 05 दिसंबर को विधानसभा उप चुनाव होना है और उससे ठीक पहले जाली नोट मिलने से मामला गरमा गया है। वहीं फल दुकानदार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात फल दुकानदार फूल सिंह को अज्ञात व्यक्ति 500 का जाली नोट थमा गया। फूल सिंह ने जब ध्यान से देखा तो उसे यह नोट जाली लगा और जब जांच की गई तो नोट नकली पाया गया।
फल व्यापारी ने मामले की शिकायत भानूप्रतापपुर थाने में की है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। बता दें कि कुछ दिनों पहले केशकाल में भी नकली नोटों का मामला सामने आया था।
भानुप्रतापपुर विधानसभा का चुनाव से पहले क्षेत्र में नकली नोट मिलने से पुलिस विभाग के कान खड़े हो गए हैं। कांकेर एसपी शलभ सिन्हा के कहा कि ये किसी गिरोह का काम है, जिसकी जांच की जा रही है।