कोविड हॉस्पिटल गीदम में शुरू हुआ ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, एक साथ 100 मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई हो सकेगी
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दंतेवाड़ा के गीदम स्थित डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल में शनिवार को ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट शुरू हो गया। इस प्लांट की क्षमता 260 लीटर प्रति मिनट है। यह डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों की जरूरतों को पूरा करेगा। आज इस प्लांट का सफल ट्रायल हुआ।
जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने भी इस प्लांट का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, सीएस डॉ. संजय बघेल, मेडिकल स्टॉफ भी थे। कलेक्टर दीपक सोनी ने प्लांट के बारे में पूरी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए की गई सुविधाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि इस प्लांट के शुरू होने से अब कोविड अस्पताल को अतिरिक्त ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक साथ यह 100 बिस्तरों पर ऑक्सीजन सप्लाई कर सकता है। इससे सिलेंडरों पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।