CRPF जवान ने अपने ही साथियों को गोलियों से भूना… 4 जवानों की मौत, 3 जख्मी
सुकमा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहाँ एक सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी है। इस घटना में 4 जवानों की मौत होने की खबर आ रही है, जबकि 3 अन्य जवान घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिले के मरईगुड़ा के लिंगनपल्ली कैम्प में CRPF जवान ने साथी जवानों पर ही गोलियां दाग दी। यह दिल दहलाने वाली घटना आज तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
इस वारदात में मौके पर ही तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना में 3 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मरईगुड़ा के लिंगनपल्ली कैम्प में किसी बात को लेकर CRPF 50वीं बटालियन के एक जवान ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। वारदात में घायल जवानों को तेलंगाना के भद्राचलम इलाज के लिए रेफर किया गया है।
फायरिंग की घटना में मारे गए जवानों में कॉन्स्टेबल धनजी, राजीब मण्डल, राजमणि कुमार यादव और धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। आरोपी जवान ने अपने ही साथियों को मौत के घाट क्यों उतारा, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।