CAF जवान ने खेला खूनी खेल, प्रधान आरक्षक को उतारा मौत के घाट… साथी जवान पर भी चलाई गोली
कांकेर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बड़ी ख़बर सामने आ रही है। यहां एक CAF जवान ने प्रधान आरक्षक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी जवान ने अपने साथी एक अन्य जवान पर भी गोली चलाई है। यह पूरी घटना कांकेर के पीजी कॉलेज की है।
जानकारी के अनुसार, कांकेर PG कॉलेज में तैनात CAF जवान पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने रविवार की सुबह प्रधान आरक्षक सुरेंद्र भगत को गोली मार दी। इस हादसे मे सुरेंद्र भगत की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी जवान ने एक अन्य आरक्षक बृजेश भरद्वाज पर भी गोली चलाई, लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी और वो बच गया।
बताया जाता है कि आरोपी जवान हथियार लेकर काफी देर तक PG कॉलेज के अंदर घूम रहा था। काफी मशक्कत के बाद काउंसलिंग करके उसे हिरासत में लिया गया।
आरोपी पुरुषोत्तम कुमार जिला जेल में पदस्थ CAF की 11वीं बटालियन सी कम्पनी में पदस्थ है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव के समय उसकी ड्यूटी पीजी कॉलेज में लगाई गई थी।
अन्य जवानों ने बताया कि वो पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था, इसलिए छुट्टी की मांग कर रहा था।
शनिवार रात में उसकी ड्यूटी लगी थी, लेकिन जब उसने तबीयत खराब होने की बात कही, तो उसे मेजर ने छुट्टी दे दी और उसकी जगह जवान बृजेश भारद्वाज ड्यूटी लगाई गई।
इसी बीच रविवार की सुबह किसी बात को लेकर कुछ विवाद हुआ और पुरुषोत्तम ने प्रधान आरक्षक सुरेंद्र भगत और साथी जवान बृजेश भारद्वाज पर गोली चला दी।
इस घटना में प्रधान आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बृजेश की जान बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।