नक्सलियों ने की युवक की हत्या, पर्चे फेंक लगाया मुखबिरी का आरोप
बीजापुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए माओवादियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक, धनोरा के रहने वाले युवक अर्जुन कुडियम की नक्सलियों ने हत्या की है। गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेड्डी मार्ग पर युवक का शव मिला है।
गंगालूर एरिया कमेटी ने ली हत्या की जिम्मेदारी
घटना स्थल पर माओवादियों द्वारा पर्चे भी फेंके गए हैं जिनमे भाकपा (माओवादी) गंगालूर एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है।
माओवादियो द्वारा फेंके गए पर्चे में युवक के ऊपर गांव में आकर आदिवासियों की हत्या करना, ग्रामीणों की सम्पति की लूटपाट करना जैसे आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा पर्चे में कहा गया है कि जो भी जनता का दुश्मन बनेगा उसे पीएलजीए के हाथों मौत की सजा मिलेगी।
ताजा अपडेट के अनुसार मृतक अर्जुन कुड़ियाम CAF 22वीं बटालियन में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से जवान अर्जुन बीमार चल रहा था। वह 1 महीने पहले मेडिकल लिव पर धनोरा स्थित घर आया था। घर पर ही रहकर इलाज करवा रहा था।